पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती कार्यक्रम से गायब रहे जिलाध्यक्ष

भायंदर। भारतीय जन संघ के अध्यक्ष रहे तथा भारत की सनातन विचारधारा को युगानुकुल रूप में प्रस्तुत करते हुए देश को एकात्म मानवतावाद की विचारधारा का जन्म देने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिवस पर आज जहां पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं द्वारा अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं मीरा भायंदर में पूर्व विधायक नरेंद्र मेहता द्वारा अत्यंत धूमधाम से मनाए गए जन्मदिन समारोह में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती कार्यक्रम खो सा गया। यद्यपि भाजपा जिला कार्यालय पर 145 मीरा भायंदर विधानसभा चुनाव प्रमुख एड रवि व्यास द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती का कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाम 5 बजे आयोजित कार्यक्रम में अनेक पदाधिकारियों, नगरसेवकों और कार्यकर्ताओं ने उपस्थित रहकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय को याद करते हुए उनकी तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। सबसे बड़ी आश्चर्य की बात यह रही कि जिला अध्यक्ष किशोर शर्मा ही इस कार्यक्रम से नदारत रहे। बताया जाता है कि वह पूरे दिन नरेंद्र मेहता के जन्मदिवस समारोह में शामिल रहे। उनकी देखा देखी बीजेपी के अनेक पदाधिकारियों और नगरसेवकों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती कार्यक्रम में शामिल होना उचित नहीं समझा। ऐसे में सवाल उठता है कि एकात्म मानवतावाद का संदेश देने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर ही मीरा भायंदर में द्वैतवाद दिखाई दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *