सर्राफा दुकानों पे महिलाओं की रही खास भीड़
सलमान रज़ा (अखंड राष्ट्र)
मुंगराबादशाहपुर जौनपुर- धनतेरस के शुभ अवसर पर मुंगरा बादशाहपुर नगर में दिनभर खरीददारी का सिलसिला चलता रहा। बाजारों में सुबह से ही रौनक देखने को मिली। लोग शुभ मुहूर्त में बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान, गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमाएं, वाहन, आभूषण सहित अन्य वस्तुओं की जमकर खरीददारी करते नजर आए।


मुख्य बाजार, साहबगंज, मुख्य तिराहा, सर्राफा मार्केट और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में ग्राहकों की भारी भीड़ रही। दुकानदारों के चेहरों पर खुशी झलक रही थी, वहीं ग्राहकों में भी काफी उत्साह का माहौल देखा गया। सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों पर महिलाओं की खास भीड़ रही, जबकि युवा वर्ग ने मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन की खरीददारी में रुचि दिखाई। त्योहार को लेकर मुंगरा बादशाहपुर नगर में सजावट और रोशनी से बाजारों की रौनक देखते ही बन रही थी। धनतेरस के अवसर पर सभी लोगों ने मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की मूर्ति खरीदे। इस दौरान कुछ लोगों ने धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर समृद्धि की कामना की। इस मौके पर पुलिस द्वारा सुरक्षा का पुख़्ता इंतजाम किया गया था।
