मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने गरीब बच्चों को बांटी मिठाइयां, मोमबत्तियाँ और पटाखे

सलमान रज़ा (अखंड राष्ट्र)

मुंगराबादशाहपुर जौनपुर- दीपावली पर्व के पावन अवसर पर थाना मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने मानवता और सौहार्द का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। सोमवार को प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में थाना मुंगराबादशाहपुर पुलिस टीम ने क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर, गरीब मजदूर परिवारों व बच्चों के साथ मिलकर दीपावली का त्यौहार उत्साहपूर्वक मनाया।


इस दौरान पुलिस टीम ने बच्चों को मिठाइयाँ, फल, मोमबत्तियाँ, फुलझड़ियाँ, पटाखे और दीपावली की शुभकामनाएँ भेंट कीं। बच्चे पुलिस अधिकारियों के साथ दीपावली मनाकर बेहद खुश नजर आए। उनके चेहरों पर मुस्कान और उत्साह देखने लायक था।

प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ही नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों के साथ खुशी बाँटने के लिए भी है। दीपावली प्रकाश और प्रेम का त्यौहार है, जिसे सभी को एकजुट होकर मनाना चाहिए। थाना परिसर व आसपास के इलाकों में मिठाई वितरण के बाद पुलिसकर्मियों ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें सुरक्षित तरीके से पटाखे चलाने की सलाह भी दी। स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम की इस सराहनीय पहल की जमकर प्रशंसा की और कहा कि ऐसी गतिविधियाँ पुलिस व जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *