जोनपुर : हिंदी भाषी फाउंडेशन द्वारा आयोजित भव्य नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर रविवार को नेशनल इंटर कॉलेज, पट्टी नरेंद्रपुर, खुटहन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। फाउंडेशन अध्यक्ष आनंद सिंह (बंटी) के नेतृत्व में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में 750 से अधिक लोगों ने नि:शुल्क नेत्र जांच कराई और इलाज प्राप्त किया।
मुख्य नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. वेंकटेश श्रीवास्तव की अगुवाई में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की आंखों की गहन जांच की। शिविर में चश्मा वितरण, दवाईयां और मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध रही। जरूरतमंदों को मौके पर चश्मा दिया गया, जबकि गंभीर मरीजों के लिए मोतियाबिंद सर्जरी की व्यवस्था की गई।
शिविर के आयोजन में पप्पू दुबे, प्रमोद सिंह, पिंटू फौजी, प्रिंस सिंह, शिवम राजक, रोहित सिंह, राजा सिंह, राम सिंह, अतुल सिंह, अभिषेक सिंह, दिलीप सोनी एवं प्रदीप मास्टर ने सक्रिय सहयोग दिया। सहआयोजक शिवधाम रामलीला समिति, अमांवाकला ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आनंद सिंह ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि कोई भी व्यक्ति अंधेरे में न रहे। 750 से अधिक लोगों को रोशनी देना हमारे लिए गर्व की बात है।” ग्रामीणों में उत्साह को देखते हुए फाउंडेशन ने नियमित शिविर आयोजित करने का संकल्प लिया।
