सीओ प्रतिमा वर्मा ने सीसीटीवी कैमरे लगवाने के दिये निर्देश
सलमान रज़ा (अखंड राष्ट्र)
मुंगराबादशाहपुर जौनपुर- नगर में दीपावली त्योहार को लेकर सीओ प्रतिमा वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के दौरान सभी से शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की अपील की गई। साथ ही सर्राफा व्यापारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया।
सीओ प्रतिमा वर्मा व थाना प्रभारी अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने नगर के साहबगंज मोहल्ला, प्रतापगढ़ रोड, स्टेशन रोड, जंघई रोड, नईगंज, अंजही, गुड़हाई, सब्जी मंडी, मछली शहर रोड सहित नगर के मुख्य मार्गों पर फ्लैग मार्च किया। सीओ प्रतिभा वर्मा ने सुरक्षा को लेकर उच्च गुणवत्ता का सीसीटीवी कैमरे लगवाने एवं सभी क्षेत्रीय अधिकारियों का मोबाइल नंबर अंकित करने का निर्देश दिया।

क्षेत्राधिकारी ने सर्राफा व्यवसाईयों से कहा कि आप सभी सुरक्षा के प्रति सजग रहते हुए सीसीटीवी कैमरे लगवाए। जिसमें दो कैमरे सड़क की तरफ हो, कैमरे को इन्वर्टर से 24 घंटे संचालित करें। संदिप्त व्यक्तियों पर निगरानी रखने और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सीओ प्रतिभा वर्मा ने कहा कि धनतेरस, दीपावली, भैया दूज, गोवर्धन पूजा और छठ पूजा के अवसर पर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस की टीमें बाजारों में गश्त करेंगी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सिविल ड्रेस में पुलिस तैनात रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर दंगा निरोधक उपकरणों के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। थाना प्रभारी अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि त्यौहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे भी अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ मिलकर काम करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए 24 घंटे तत्पर है।

