जौनपुर। जिले के मियापुर (थाना–लाइन बाजार क्षेत्र) निवासी विरजू कुमार गुप्ता ने ध्वनि प्रदूषण को लेकर पुलिस अधीक्षक को एक शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि उनके मोहल्ले में अक्सर डीजे, लाउडस्पीकर और साउंड सिस्टम का अत्यधिक उपयोग किया जाता है, जिसकी वजह से आसपास के लोगों को गंभीर परेशानी हो रही है।
विरजू कुमार ने बताया कि वह एक वेब डेवलपर और ऑनलाइन वर्कर हैं तथा पूर्वांचल विश्वविद्यालय से कॉन्ट्रैक्ट बेस पर कार्य करते हैं। लगातार तेज आवाज़ से न केवल उनके कामकाज पर असर पड़ रहा है बल्कि परिवार के बुजुर्ग और बच्चों की सेहत भी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने यह भी लिखा कि तेज ध्वनि के कारण पढ़ाई करने वाले बच्चों, बीमार व्यक्तियों और सामान्य जनजीवन पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। पत्र में उल्लेख किया गया कि अक्सर धार्मिक आयोजनों, शादी-विवाह और अन्य कार्यक्रमों में बिना अनुमति के डीजे और लाउडस्पीकर देर रात तक बजते रहते हैं।
शिकायतकर्ता ने आईपीसी की धारा 268, 290 तथा ध्वनि प्रदूषण (नियंत्रण एवं विनियमन) नियम 2000 का हवाला देते हुए कहा है कि उच्चतम न्यायालय द्वारा भी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर और डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि ऐसे आयोजनों पर नियंत्रण किया जाए और बिना अनुमति बजाए जाने वाले डीजे तथा लाउडस्पीकर पर सख्त कार्रवाई की जाए।

