– कृष्णा कुमार नोनिया (अखंड राष्ट्र)
धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड के डीजीपी को पत्र लिखकर कतरास क्षेत्र अंतर्गत शाखाटाड़ में फल-फूल रहे अवैध कोयला कारोबार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि दिनदहाड़े ट्रकों में अवैध कोयला लोड कर बरबड्डा और गोविंदपुर के ईंट-भट्टों तक भेजा जा रहा है। चिमनी भट्टे के समीप बनी बाउंड्री वॉल के अंदर साइकिल और मोटरसाइकिल से कोयला जमा किया जाता है, जिसे रोजाना तीन से चार ट्रकों में भरकर भेजा जाता है।
रत्नेश कुमार ने बताया कि यह धंधा मां लिलोरी मंदिर के पास रेलवे क्रॉसिंग के समीप होता है। इसके कारण आए दिन रेलवे फाटक पर जाम की स्थिति बनी रहती है और दुर्घटना का खतरा बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ कोयला माफिया कतरास थाना प्रभारी की छवि धूमिल करने की साजिश में भी लगे हुए हैं।
जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि अगर समय रहते इन माफियाओं पर कार्रवाई नहीं की गई तो यह धंधा और तेजी से बढ़ेगा, जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान और क्षेत्र में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता रहेगा।
उन्होंने डीजीपी से अनुरोध किया है कि तत्काल स्तर पर कार्रवाई कर अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रहे और भ्रष्टाचार पर लगाम लग सके।

