- ओमकार त्रिपाठी (अखंड राष्ट्र)
नई दिल्ली | भारत के सभी एयरपोर्ट, एयरस्ट्रिप, हेलीपैड, फ्लाइंग स्कूल और ट्रेनिंग संस्थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने आतंकवादी हमले की आशंका को लेकर चेतावनी जारी की है, जो 22 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 के बीच प्रभावी रहेगी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत कार्यरत ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) ने 4 अगस्त को एक अधिसूचना जारी कर सभी संबंधित स्थानों पर सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।
अधिसूचना में कहा गया है कि केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर आतंकवादी या असामाजिक तत्वों द्वारा हमले का खतरा है। इसे देखते हुए सभी एयरपोर्ट और संबंधित संस्थानों को अधिकतम सतर्कता बरतने और निगरानी बढ़ाने के लिए कहा गया है। सुरक्षा बलों को किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों की जांच, सामान स्कैनिंग और परिसर की निगरानी को और सख्त करने पर जोर दिया गया है। इस अलर्ट ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट मोड में ला दिया है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके। जनता से भी अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत दें।

