एटा, 6 अगस्त उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में बीते तीन दिनों के भीतर पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने 12 थानों के प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों का तबादला कर ताश के पत्तों की तरह फेंटकर इधर से उधर कर दिया है। इनमें सिर्फ तीन इंस्पैक्टर को नई तैनाती मिली है, जबकि एक को पुलिस लाइन भेजा गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह फेरबदल हाल ही में निधौली थाना क्षेत्र में हुए विवाद और प्रभारी मंत्री संदीप सिंह के जिले एवं मृतक के घर दौरे के बाद किया गया है।जिसमें कई थानों की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे, जिसके चलते एसएसपी ने एक के बाद एक निर्णय लेते हुए प्रभारियों की अदला-बदली की। हालांकि, फेरबदल में अधिकांश पुलिसकर्मियों को ही नए थानों की जिम्मेदारी दी गई है, केवल तीन नए अधिकारियों को ही मौका मिला है।
इसी क्रम में राजा का रामपुर कस्बे में भैंस चोरी के शक में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प और पथराव की घटना को मामूली बताने वाले थाना प्रभारी मुकेश कुमार मालिक को तत्काल प्रभाव से पद से हटा उन्हें अपराध शाखा में संबद्ध किया गया है, जबकि उनकी जगह पुलिस लाइंस से निरीक्षक मुकेश कुमार तोमर को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि घटना के वीडियो सामने आने और मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हुए थे। एसएसपी ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की है। एसपी ने इस कार्रवाई को सिर्फ कानून व्यवस्था को स्वस्थ, चुस्त दुरुस्त करने के लिए किया जाना बताया है

