एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में भूमाफियाओं द्वारा दलित युवक पर हमला करने और के जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 14 अगस्त 2025 की देर शाम करीब 8:30 बजे थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम पूंठ निवासी मेघसिंह के साथ हुई, जब वह अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर अपने गांव लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित मेघसिंह ने अपने पैतृक प्लॉट पर नाजिम सिंह मुनेश कुमार यशवंत गांधी, आदि ने अवैध कब्जा करने की कोशिश का विरोध किया था। इसी रंजिश को लेकर भूमाफियाओं ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बना डाली 14 अगस्त की रात जब वह आगरा रोड से गुजर रहा था तभी पीछे से रामेन्द्र यादव उर्फ टिंकल पुत्र रामनाथ यादव निवासी लालपुर तथा एक अज्ञात व्यक्ति ने उसकी मोटरसाइकिल में जानबूझकर टक्कर मार दी। हादसे में मेघसिंह सड़क पर गिर पड़ा।
गिरते ही हमलावरों ने उस पर डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया। इस दौरान पीड़ित के कपड़े फट गए और उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का कहना है कि हमलावरों ने न केवल जातिसूचक गालियाँ दीं, बल्कि तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी और दोबारा प्लॉट पर आने पर गोली मार देने की बात कही। पीड़ित ने बताया कि अगर मौके पर अचानक राहगीर न आ जाते तो उसकी जान भी जा सकती थी।
घटना से भयभीत पीड़ित और उसका परिवार दहशत में हैं और अपनी जान व माल की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त कर रहे हैं। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद थाना कोतवाली नगर में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर अमित कुमार ने बताया कि मामले में मारपीट, धमकी और संपत्ति पर कब्जा करने को लेकर विवाद सामने आया है। आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत भी मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर अमित कुमार राय को सौंपी गई है।
इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश और चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि भूमाफियाओं के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं और प्रशासन को इस तरह के मामलों पर सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए।

