रामपुर : उत्तर प्रदेश कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाओं के महानिदेशक श्री पी.सी. मीना ने आज प्रातःकाल जिला कारागार रामपुर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महानिदेशक ने सबसे पहले सभी बैरकों की गहन तलाशी कराई। इसके बाद महिला बैरक में निरुद्ध महिला बंदियों एवं उनके साथ रह रहे बच्चों से मिले और उन्हें दी जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। इनमें शैक्षिक कार्यक्रम, भोजन की गुणवत्ता, खेलकूद की व्यवस्था शामिल रहीं।
महिला अहाते में शुद्ध पेयजल के लिए लगे आरओ एवं वाटर कूलर, शौचालयों की स्थिति, साफ-सफाई, बिस्तर-कपड़ों की व्यवस्था का जायजा लिया गया। कारागार पाकशाला में बन रहे भोजन का स्वयं निरीक्षण किया।
किशोर बंदियों की बैरक एवं कारागार चिकित्सालय का भी दौरा किया गया। महानिदेशक ने उपचाराधीन बंदियों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति एवं मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में सीधे बातचीत की।
बंदियों को स्वावलंबी बनाने के लिए चलाए जा रहे कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों, विशेषकर कारचोबी (कढ़ाई) प्रशिक्षण की प्रगति जानी। जेल में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों से उनकी समस्याएं भी सुनीं।
सम्पूर्ण निरीक्षण के बाद महानिदेशक श्री पी.सी. मीना ने जिला कारागार रामपुर की सभी व्यवस्थाओं पर पूर्ण संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के समय जेल अधीक्षक राजेश यादव, जेलर सुनील कुमार सिंह सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहे।

