बस्ती। उत्तर प्रदेश कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाओं के महानिदेशक पीसी मीना ने आज जिला कारागार बस्ती का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों की सुविधाओं, चिकित्सा व्यवस्था और विधिक सहायता पर विशेष ध्यान दिया।
महिला बंदियों से विस्तृत चर्चा, विधिक सहायता का निर्देश
महानिदेशक ने महिला वार्ड में निरुद्ध बंदियों से विधिक सहायता की स्थिति जानी। दो बंदियों ने बताया कि वे निजी वकील रखने में असमर्थ हैं। इस पर श्री मीना ने डीएलएसए (जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) के माध्यम से शासकीय अधिवक्ता उपलब्ध कराने की तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।
अस्पताल वार्ड में बंदियों से सीधी बात, इलाज में तेजी का आदेश
अस्पताल वार्ड का दौरा करते हुए महोदय ने सभी मरीज बंदियों से उनकी बीमारियों, दवाओं और इलाज की स्थिति पूछी। जेल मैनुअल के अनुसार समयपूर्व रिहाई की प्रक्रिया को तेज करने के भी निर्देश दिए गए।
नई सुविधाओं को शीघ्र चालू करने के आदेश
– नई पाकशाला का निरीक्षण कर उसे तुरंत चालू करने का निर्देश।
– नए सीसीटीवी सिस्टम और विद्युत कक्ष को शीघ्र स्थानांतरित करने के आदेश।
निरीक्षण के दौरान उप महानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र श्री शैलेंद्र मैत्रेय, जेल अधीक्षक श्री शिव प्रताप मिश्र, जेलर श्री राजीव कुमार मिश्र सहित कारागार के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
महानिदेशक के इस निरीक्षण से जेल प्रशासन में सुधार की दिशा में तेजी आने की उम्मीद जगी है।

