कतरास। रामकनाली ओपी क्षेत्र स्थित कुमारपट्टी के विस्थापन को लेकर बुधवार को हुई बैठक एक बार फिर बेनतीजा रही। बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से दिए गए मुआवज़े के प्रस्ताव को ग्रामीणों ने सिरे से खारिज कर दिया।
क्षेत्र संख्या-4 के महाप्रबंधक राजकुमार अग्रवाल के निर्देश पर ओपी प्रभारी संतोष कुमार रवि ने ग्रामीणों को ओपी बुलाकर वार्ता की। इस दौरान ग्रामीणों से कहा गया कि वे ₹20,000 मुआवज़ा लेकर अनुबंध पर हस्ताक्षर करें और जल्द से जल्द कुमारपट्टी खाली करें।
लेकिन ग्रामीणों ने इस प्रस्ताव को ठुकराते हुए स्पष्ट कहा कि उन्हें नगद मुआवज़ा नहीं चाहिए। उनकी मांग है कि बीसीसीएल प्रबंधन उन्हें पक्का घर दे, जिसमें पानी और बिजली की पूरी व्यवस्था हो।
ओपी प्रभारी ने ग्रामीणों की इस मांग को मानने में असमर्थता जताई, जिसके बाद वार्ता विफल हो गई।
गौरतलब है कि बीसीसीएल प्रबंधन लंबे समय से कुमारपट्टी को खाली कराने का दबाव बना रहा है। जून 2025 में यहां भू-धसान की बड़ी घटना हुई थी, जिसके बाद पुलिस प्रशासन, बीसीसीएल अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच त्रिकोणीय बैठक भी हुई थी, लेकिन ठोस समाधान नहीं निकल पाया। अब 5 सितंबर को मुंडा घोड़ा क्षेत्र में फिर से बैठक प्रस्तावित है, जिसमें विस्थापन पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

