जौनपुर : जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत पचहटिया गांव में दबंगई की हद पार हो गई है। सिविल कोर्ट के स्थगन आदेश और पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद कुछ दबंग भूमाफियाओं द्वारा एक गरीब की करोड़ों की जमीन पर जबरन कब्जा कर पक्का निर्माण कार्य किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
पीड़ित सुनील चौहान, जो कि पचहटिया गांव निवासी हैं, का कहना है कि उनकी लगभग तीन करोड़ रुपये मूल्य की जमीन पाठक पेट्रोल पंप के पीछे स्थित है। इस जमीन पर वर्ष 2022 से न्यायालय में मामला लंबित है और उस पर स्टे आदेश भी प्रभावी है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष द्वारा न सिर्फ जमीन पर कब्जा किया गया, बल्कि वहां निर्माण कार्य भी तेजी से जारी है।
सुनील चौहान ने बताया कि उन्होंने तीन बार थानाध्यक्ष को और दो बार स्वयं पुलिस अधीक्षक से मिलकर गुहार लगाई। एसपी के निर्देश पर एक बार निर्माण कार्य रुकवाया गया, परंतु कुछ ही दिनों बाद दबंगों ने दोबारा निर्माण शुरू कर दिया।
पीड़ित ने सीएम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें शीतला धाम पुलिस चौकी पर भी लापरवाही और मिलीभगत का आरोप लगाया गया है। उनका कहना है कि 3, 5 और 10 मई 2025 को उन्होंने थाना लाइन बाजार में लिखित रूप से शिकायत दी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
अब सवाल उठता है कि जब कोर्ट का स्टे और एसपी के आदेश का पालन नहीं हो रहा, तो आम आदमी न्याय की उम्मीद किससे करे?

