- ओमकार त्रिपाठी (अखंड राष्ट्र)
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने भोजपुर के आरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी पार्टी बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, ताकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को मजबूती मिले और बिहार को नंबर एक प्रदेश बनाया जा सके। चिराग ने स्पष्ट किया कि वे स्वयं भी बिहार से चुनाव लड़ेंगे, हालांकि सीट का अंतिम फैसला उनकी पार्टी और जनता के परामर्श से होगा। उन्होंने आरजेडी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एनडीए सरकार ने सामाजिक न्याय के लिए कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देकर ऐतिहासिक कदम उठाया है। चिराग ने कार्यकर्ताओं से सभी सीटों पर तैयारी शुरू करने का आह्वान किया।
चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी का लक्ष्य एनडीए को और मजबूत करना है, और इसके लिए वे गठबंधन के साथ मिलकर रणनीति बनाएंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी संकेत दिया कि सीटों का बंटवारा गठबंधन के भीतर तय होगा, लेकिन उनकी पार्टी सभी 243 सीटों पर पूरी ताकत के साथ तैयारी कर रही है। चिराग ने 2024 के लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी की 100% स्ट्राइक रेट का जिक्र करते हुए विश्वास जताया कि 2025 में भी एनडीए बिहार में प्रचंड जीत हासिल करेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे बिहार के विकास के लिए उनके साथ जुड़ें और एनडीए के विजन को समर्थन दें।

