धनबाद, 25 अक्टूबर 2025 आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर धनबाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और सक्रिय है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री प्रभात कुमार के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों ने छठ घाटों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा और सुविधा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और जलस्तर की गहराई जैसे बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने स्थानीय पूजा समितियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक निर्देश भी दिए।

एसएसपी श्री प्रभात कुमार ने बताया कि “श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी खतरनाक घाटों पर गोताखोरों की तैनाती, वॉलेंटियरों की मौजूदगी और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।”
उन्होंने कहा कि जिन घाटों पर पानी की गहराई अधिक है, वहाँ खतरनाक क्षेत्रों की मार्किंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं। ऐसे हिस्सों की घेराबंदी की जाएगी ताकि कोई व्यक्ति अनजाने में गहराई में न जाए।
छठ पर्व के दौरान घाटों के आसपास वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि घाट परिसर में पटाखे छोड़ना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और लाउडस्पीकर पर केवल छठ के पारंपरिक धार्मिक गीत ही बजाए जा सकेंगे। सभी प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा, सादे लिबास में पुलिस बल की भी तैनाती होगी।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि घाटों पर भीड़ के दौरान बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें। अभिभावकों से कहा गया है कि अपने बच्चों की जेब में नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखकर रखें ताकि किसी भी स्थिति में उन्हें सुरक्षित घर पहुँचाया जा सके।
एसएसपी प्रभात कुमार ने जिलेवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएँ देते हुए कहा —“छठ लोक आस्था का पर्व है। हमारा उद्देश्य है कि हर श्रद्धालु सुरक्षित और भक्तिमय वातावरण में सूर्योपासना कर सके। इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तत्परता से मैदान में है।”
“छठ लोक आस्था का पर्व है। हमारा उद्देश्य है कि हर श्रद्धालु सुरक्षित और भक्तिमय वातावरण में सूर्योपासना कर सके। इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तत्परता से मैदान में है।”


