सुईथाकला, 20 अगस्त 2025: जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज जी महाराज के नेतृत्व में श्री सूर्यपाल गंगा प्रसाद सिंह न्यू मार्डन पब्लिक स्कूल, गंगा आश्रम ईसापुर में सत्संग समारोह का आयोजन हुआ। समारोह में विद्यालय संरक्षक आर.पी. सिंह, प्रबंधक देवेश कुमार सिंह, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता हनुमान प्रसाद सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने महाराज जी का पुष्पहार से स्वागत किया।
संत पंकज जी ने श्री सूर्यपाल गंगा प्रसाद सिंह डिग्री कॉलेज की नींव पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मानव जीवन अनमोल है और सत्संग, सेवा व नाम-साधना से जीवात्मा जन्म-मरण के बंधन से मुक्त हो सकती है। उन्होंने शाकाहार, सदाचार और नशामुक्ति पर जोर देते हुए कहा कि मांसाहार और शराब हिंसा व अपराध का कारण हैं। भगवान राम, कृष्ण और बुद्ध के आदर्शों पर चलने की अपील की।
सत्संग में विद्यालय परिवार और स्थानीय पुलिस ने व्यवस्था संभाली। थाना सरपतहां के निर्देश पर चौकी प्रभारी प्रदुम्नमणि त्रिपाठी सहित पुलिस बल ने सुरक्षा सुनिश्चित की।

