नौपेड़वा(जौनपुर) जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र शनिवार को बक्शा विकास खण्ड के बशारतपुर गौशाला पहुँचे।जिलाधिकारी ने निराश्रित पशुओं के लिए बोए गए तैयार नेपियर घास को खाली पड़ी जमीन में भी नेपियर घास लगवाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने गोवंशों के लिए गौशाला में वेंटिलेशन की पर्याप्त व्यवस्था पर संतुष्टि जताई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में पशुओं की समुचित देखभाल करने के लिए मौजूद ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संजय कुमार को निर्देशित किया। उन्होंने पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति सचेष्ट रहने की बात कही। डीएम ने पशुओं को चारा एवं गुड़ खिलाया। उन्होंने पशुओं को स्वच्छ हवा शुद्ध पानी व हरा चारा की अनिवार्यता बताई। डीएम ने पशुओं को प्रतिदिन नियमित रूप से नहलाने की बात कही। पशु चिकित्सा अधिकारी नियमित रूप से उनके स्वास्थ्य की जांच करना सुनिश्चित करें, जिससे किसी भी गोवंश की मृत्यु इलाज के अभाव में ना हो। उन्होंने गोआश्रय स्थल में नींबू और करौंदा के पौधे लगाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने गौशाला में केयर टेकरों को अंगवस्त्रम और मिष्ठान्न देकर सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना कर उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि गौ सेवा से बड़ी कोई सेवा नहीं है। इस दौरान तहसीलदार सौरभ कुमार, एडीओ पंचायत भी मौजूद रहे।

