डीएम और एसपी ने किया उद्घाटन, जनमानस से रक्तदान को जीवनदान बताकर की अपील
जौनपुर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक परिसर में रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दो दर्जन से अधिक रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी एवं रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र सिंह तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
अपने संबोधन में डीएम डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने कहा कि “रक्तदान एक महान सेवा है। यह वह पुण्य कार्य है जिससे एक बार में तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। समाज के हर व्यक्ति को रक्तदान जैसे कार्यों में उत्साहपूर्वक भाग लेना चाहिए।” उन्होंने यह भी बताया कि नियमित रक्तदान करने से दिल से संबंधित बीमारियों का खतरा भी कम हो जाता है।
एसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा, “रक्तदान करने से शरीर को कोई हानि नहीं होती बल्कि यह एक स्वस्थ आदत है। यह कार्य न केवल किसी की जिंदगी बचाने वाला होता है बल्कि रक्तदाता खुद भी स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने बताया कि रक्तदान के प्रति फैलाए जा रहे भ्रम और मिथकों से बचने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि जिन लोगों ने नियमित और अधिक बार रक्तदान किया है, उन्हें गणतंत्र दिवस पर विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
रक्तदान शिविर में सुबह 10 बजे से ही लोग उत्साहपूर्वक पहुंचने लगे और शाम तक रक्तदान का क्रम जारी रहा। शिविर में भाग लेने वाले रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बनता था।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. मनोज वत्स, धनंजय सिंह, रोहित श्रीवास्तव, एस.एन. सिंह, प्रकांत दूबे, डॉ. संदीप पांडेय, शशिकांत सिंह, नितेश श्रीवास्तव, नितिन आदि की सक्रिय उपस्थिति रही।
रक्तदान अभियान में सहयोग देने वालों में डॉ. ऋत्विक प्रताप सिंह, लैब टेक्नीशियन हृदय कुमार कुशवाहा, आलोक मणि त्रिपाठी, ओम प्रकाश, चंद्र प्रकाश सिंह, तथा काउंसलर शालिनी मौर्या का विशेष योगदान रहा।

