जौनपुर महराजगंज | विश्व हिंदू परिषद दुर्गा वाहिनी महाराजगंज की प्रखंड संयोजक आराध्या सिंह ने विधायक बदलापुर रमेश मिश्रा और उनकी टीम पर गंभीर आरोप लगाया है। महाराजगंज निवासी आराध्या सिंह ने इसकी शिकायत सीएम योगी आदित्यनाथ से भी की है। आराध्या सिंह ने आरोप लगाया कि उसकी निजी जमीन पर अतिक्रमण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी निजी जमीन महाराजगंज ब्लॉक अंतर्गत लोहिंदा चौराहे पर है, जिसमें मकान बनाकर प्रार्थनी रह रही है। 20 अगस्त 2025 को कुछ लोग आराध्या के मकान के पास सीढ़ी के सामने गड्ढा खोदने लगे, पूछने पर बताया कि यहां वह स्वर्गीय राय अंबिका सिंह का गेट लगने वाला। आराध्या सिंह का कहना है कि यह पूरा चौराहा हमारे पिताजी के नाना स्व. शंभू नारायण सिंह व स्व. मनमोहन सिंह का है।
राय अंबिका सिंह का चौराहा पड़री चौराहा है, लेकिन आराध्या के पिता के न रहने और अपने माता-पिता की अकेली संतान होने के कारण क्षेत्र के दबंग एवं राजनीति रसूक रखने वाले लोग मिलकर प्रशासन के सहयोग से आराध्या सिंह की जमीन पर जबरदस्ती अतिक्रमण व कब्ज़ा कर रहे हैं। आराध्या सिंह ने आरोप लगाया कि उनके ऊपर मानसिक दबाव देकर धमकी दे रहे हैं कि हम लोग तुम्हारी जमीन कब्जा कर लेंगे, तुम अकेली क्या कर सकती हो? आराध्या सिंह का कहना है कि इन लोगों की वजह से घर से निकलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय जनप्रतिनिधि का नाम लेकर कुछ बदमाश किस्म के लोग आराध्या सिंह को बराबर प्रताड़ित कर रहे हैं जिससे आराध्या सिंह पुत्री स्वर्गीय त्रिपुरारी सिंह का जीना दुश्वार हो गया। आराध्या ने सीएम योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाई है कि विकट परिस्थितियों को देखते हुए जमीन का अतिक्रमण रुकवाने का कष्ट करें।

