– कृष्णा कुमार नोनिया (अखंड राष्ट्र)
रांची। झारखंड में लगातार चार दिनों से हो रही भारी बारिश ने नदियों और डैमों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंचा दिया है। कोडरमा स्थित तिलैया डैम में पानी खतरे के निशान से ऊपर जाने के बाद शनिवार सुबह पांच फाटक खोले गए। इसके बाद निचले इलाकों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ा है। एहतियातन प्रशासन ने कोडरमा, हजारीबाग, धनबाद, गिरिडीह और बोकारो जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
रांची में धुर्वा डैम के सभी फाटक खोले गए
राजधानी रांची के धुर्वा डैम में भी पानी क्षमता से अधिक हो जाने के बाद सभी फाटक खोल दिए गए। इससे भुसर नदी का जलस्तर बढ़ गया है और डोरंडा स्थित पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है। वहीं नामकुम-चुटिया रोड पर भी पुल के ऊपर पानी बहने से यातायात बाधित हो गया है।
भारी बारिश से सड़क और पुल क्षतिग्रस्त
लगातार बारिश के कारण जगन्नाथपुर रोड में दरार आ गई है। वहीं पिस्कानगड़ी इलाके में रेलवे ओवरब्रिज का स्लैब गिरने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
जमशेदपुर और सरायकेला में खतरा बढ़ा
इधर, जमशेदपुर में स्वर्णरेखा नदी उफान पर है। चांडिल डैम भी भर चुका है और यदि बारिश का सिलसिला अगले एक-दो दिन और जारी रहा तो इसके फाटक भी खोलने पड़ सकते हैं। इससे जमशेदपुर और सरायकेला के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों को नदियों और डैमों के निचले इलाकों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। एनडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें अलर्ट मोड पर हैं

