– ओमकार त्रिपाठी (अखंड राष्ट्र)
झारखंड प्रदेश की राजधानी के रांची पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो करोड़ रुपये के जाली नोटों की एक बड़ी खेप बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को रांची प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक सह वरीय पुलिस अधीक्षक रांची चंदन सिन्हा के निर्देश पर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने अंजाम दिये हैं। जानकारी के मुताबिक बिहार की राजधानी पटना से आ रही एक निजी बस से इस जाली नोट की बड़ी खेप को बरामद किया गया है।इस संबंध में रांची प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक सह रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन सिन्हा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पटना से आ रही एक बस में बड़े पैमाने पर जाली नोटों की तस्करी की जा रही है। इस सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के न्यू मार्केट स्थित बस स्टैंड में खड़ी बस की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बस में रखे एक बंद बक्से से जाली नोटों की यह बड़ी खेप बरामद हुई।इस बीच पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्तियों से पूछताछ जारी है ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। इस बरामदगी को रांची पुलिस की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

