अलाव की व्यवस्था न होने से जनता में आक्रोश
सलमान रज़ा (अखंड राष्ट्र)
मुंगराबादशाहपुर जौनपुर- नगर में कड़ाके की ठंड से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कों पर कोहरा होने से वाहनों की स्पीड पर ब्रेक लग गया है। राहगीर कापते हुए किसी तरह मंजिल तक पहुंच रहे हैं पर फुटपाथ पर रात गुजारने वालों पर ठंड भारी पड़ने लगी है।
ठंड के बढ़ते कहर से निजात दिलाने के लिए अलाव की व्यवस्था न होने से आक्रोश बढ़ रहा है। नगर के कई स्थानों पर, जैसे कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चौराहे, तिराहे, गली मोहल्ले आदि सार्वजनिक स्थानों पर पालिका प्रशासन द्वारा कहीं भी अलाव नहीं जलाए गए हैं, जिससे राहगीर, फुटपाथ पर बैठे लोग और अन्य लोग परेशान हैं।

मुंगरा बादशाहपुर नगर के प्रतापगढ़ रोड, सिपाह मोहल्ला, नई बाजार, कुबेर दास कुटी व अन्य कई स्थानों पर लोगों ने चंदा इकट्ठा कर अलाव की व्यवस्था की। राहगीरों, फुटपाथ पर बैठे लोग और अन्य लोगों ने टायर व रद्दी जलाकर अपने शरीर को गर्म करने की कोशिश की। नगर पालिका द्वारा नगर के किसी भी वार्ड या सार्वजनिक स्थान पर अब तक अलाव की व्यवस्था नहीं कराई गई है, जिससे लोगों में आक्रोश है। अधिशासी अधिकारी अखिलेश तिवारी ने बताया कि जल्द ही सभी वार्डों और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था कर दी जाएगी, फुटपाथ पर रात गुजारने वालों के लिए आश्रय की व्यवस्था की जाएगी और ठंड के मौसम में विशेष राहत कार्य चलाया जाएगा।

