बक्शा कृषि विज्ञान केंद्र पर दाल एवं दलहनों के मूल्यसंवर्धन पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण
नौपेड़वा(जौनपुर) बक्शा कृषि विज्ञान केंद्र पर दाल और दलहनों के मूल्यसंवर्धन विषय पर पांच दिवसीय रोजगारपरक प्रशिक्षण के प्रथम दिन सोमवार को केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार कनौजिया द्वारा शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण की अध्यक्षता कर रहें डॉ. सुरेश ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि दलहन न केवल हमारे भोजन में प्रोटीन का प्रमुख स्रोत हैं, बल्कि इनसे मूल्यवर्धित उत्पाद बनाकर घरेलू उद्योग की संभावनाएं भी बढ़ाई जा सकती हैं। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की समन्वयिका डॉ. प्रगति यादव ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करतें हुए अगले पांच दिनों में महिलाओं को मूंग दाल, मठरी, चना दाल बर्फी, दाल मिक्स पापड़ आदि जैसे उत्पादों को बनाने की तकनीकी जानकारी दी जाएगी।
केंद्र के वैज्ञानिक राजीव कुमार सिंह, डॉ. रूपेश सिंह तथा हरि ओम वर्मा ने भी प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को दाल और दलहनों के घरेलू प्रसंस्करण, उनके पोषणात्मक महत्व तथा विपणन से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारियाँ प्रदान कीं।

