वरीय संवाददाता कृष्णा कुमार नोनिया (अखंड राष्ट्र)
धनबाद। धनबाद पुलिस केंद्र में गुरुवार को पुलिस सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए।
सभा के दौरान पुलिसकर्मियों ने अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी समस्याएँ जैसे—लंबी ड्यूटी, अवकाश की दिक्कतें, आवास, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी—को सामने रखा। एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और मौके पर ही कई मुद्दों के निवारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि शेष मांगों पर भी शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
सेवानिवृत्त होने वाले जवानों को निर्देश
एसएसपी ने कहा कि जो पुलिस पदाधिकारी और जवान अगले छह महीने में सेवानिवृत्त होने वाले हैं, उन्हें उनके मौजूदा पदस्थापन से पुलिस केंद्र में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
पदोन्नति पर सम्मान
सभा के दौरान प्रा. अ. नि. साधु चरण बारी को सूबेदार पद पर पदोन्नति मिलने पर एसएसपी ने बैज लगाकर सम्मानित किया।
अनुशासन और सेवा पर बल
एसएसपी प्रभात कुमार ने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे जनता की सेवा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने पुलिस बल को अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करने की अपील की।
कार्यक्रम में डीएसपी मुख्यालय-2 धीरेन्द्र नारायण बंका, डीएसपी मुख्यालय-1 शंकर कामती, परिचारी प्रवर अवधेश कुमार, पुलिस एसोसिएशन एवं पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारी समेत सैकड़ों पुलिसकर्मी उपस्थित थे।



