भागाबांध ओपी क्षेत्र में रांची–धनबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो को गोली लगी, एक को भागते समय पैर टूटा
धनबाद, 16 मार्च: झारखंड के धनबाद में सोमवार सुबह पुलिस और गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में घायल हुए तीनों आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना पुटकी थाना क्षेत्र के भागाबांध ओपी इलाके की है, जहां रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह के दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जबकि एक अन्य बदमाश भागने के दौरान खंडरनुमामा से कूदने पर पैर टूटने के दौरान घायल हो गया
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान कुबेर, विक्की डोम और अमन अफजल के रूप में हुई है। तीनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस की निगरानी में रखा गया है।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में रांची में वर्चुअल नंबरों से रंगदारी मांगने और एक रेस्टोरेंट में गोलीबारी की घटना के बाद रांची और धनबाद पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया था। तकनीकी जांच में यह बात सामने आई कि कुबेर नाम का अपराधी धनबाद में छिपकर रांची के कारोबारियों को धमकी दे रहा था।
सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस की विशेष टीम ने भागाबांध इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान कुबेर और विक्की डोम को गोली लगी, जबकि अमन अफजल भागने के दौरान एक खण्डहरनुमा के ऊपर से कूदने का दौरान पैर टूट गया और घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन गिरफ्तारियों से हाल ही में रांची एयरपोर्ट क्षेत्र में होटल कर्मचारी की हत्या के मामले में भी अहम सुराग मिले हैं। मुठभेड़ के बाद पूरा भागाबांध इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है और धनबाद के एसएसपी स्वयं मौके पर कैंप कर रहे हैं।
पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। साथ ही अपराधियों के पास से बरामद मोबाइल फोन और दस्तावेजों के आधार पर प्रिंस खान के अंतरराष्ट्रीय लिंक और स्थानीय नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

