धनबाद। माहवारी को लेकर फैली चुप्पी और मिथकों को तोड़ने के लिए धनबाद में गुरुवार को एक अनूठा आयोजन किया गया। गेल गैस लिमिटेड और सच्ची सहेली संस्था की ओर से न्यू टाउन हॉल में “पीरियड फेस्ट” का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पैड यात्रा नामक रैली से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं और शिक्षकों ने हिस्सा लिया। हाथों में पैड-आकृति वाले कार्ड और ढोल-नगाड़ों की थाप पर गूंजते नारों के बीच छात्राओं ने संदेश दिया—”यह शर्म की नहीं, गर्व की बात है।”
उपायुक्त और एसएसपी भी बने गवाह
फेस्ट में बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार मौजूद रहे। डीसी ने कहा—“माहवारी पर चुप्पी तोड़ना जरूरी है। यह एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिस पर खुलकर बातचीत ही स्वस्थ समाज की ओर कदम है।”
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि शुरुआत में वे इस कार्यक्रम में शामिल होने से हिचक रहे थे, लेकिन शामिल होने के बाद उनकी सोच बदली और भ्रम टूटा।
लड़कियों के साथ लड़कों को भी जागरूक करने की पहल

गेल गैस लिमिटेड और सच्ची सहेली संस्था द्वारा प्रोजेक्ट नवचेतना के तहत धनबाद की 16 सरकारी स्कूलों में पहले से ही माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। आयोजकों ने कहा कि इस पहल का मकसद केवल लड़कियों को नहीं, बल्कि लड़कों को भी इस संवेदनशील मुद्दे पर जागरूक करना है।

“अद्भुत कार्यक्रम” — गेल जीएम
गेल के जीएम अनिल कुमार ने इस आयोजन को अद्भुत बताया। वहीं, विशिष्ट अतिथि सांसद की पत्नी सावित्री देवी ने कहा—“धनबाद ने दिखा दिया है कि बदलाव आ चुका है। अब बेटा-बेटी साथ बैठकर पीरियड्स पर बात कर रहे हैं, यही असली प्रगति है।”

डॉ सुरभि सिंह ने तोड़े मिथक
सच्ची सहेली संस्था की अध्यक्ष डॉ सुरभि सिंह ने बच्चों से सीधा संवाद कर माहवारी से जुड़े मिथकों को तोड़ा और उन्हें सहज एवं जागरूक बनाया।
पैड यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र
पीरियड फेस्ट से पूर्व निकाली गई पैड यात्रा में स्कूली छात्राओं ने पैड-आकृति वाले कार्ड थामे गीत-संगीत और नृत्य के जरिए समाज को संदेश दिया।
कार्यक्रम में डीएसपी ट्रैफिक अरविंद कुमार सिंह, डीईओ अभिषेक झा समेत कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

