एटा, उत्तर प्रदेश की तहसील जलेसर क्षेत्र के सकरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत एटा-टूंडला मार्ग पर रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। राजस्थान के धौलपुर जिले के सागरपुर गांव से कांवड़ भरने जा रहे कांवड़ियों से भरा छोटा हाथी (टेम्पो) संख्या UP 83 BT 3562 टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक जामुन के पेड़ से टकरा गया।
इस हादसे में वाहन में सवार सात कांवड़िए घायल हो गए। सूचना मिलते ही जरानी कलां पुलिस चौकी और एसडीएम जलेसर भावना विमल मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को तत्काल चुरथरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद चार कांवड़ियों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एटा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना उस समय हुई जब सभी कांवड़िए सोरों जी से गंगाजल लेने जा रहे थे। दुर्घटना जरानी गांव की सैय्यद मजार के पास हुई, जो एटा-टूंडला मार्ग पर स्थित है।
घटना में घायल कांवड़ियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
1. गिर्राज त्यागी पुत्र महेंद्र सिंह त्यागी
2. रविंद्र पुत्र राम प्रसाद
3. भूप सिंह पुत्र रामजी लाल
4. प्रदुम शर्मा पुत्र ब्रजमोहन शर्मा
5. संदीप पुत्र मुकेश चंद
6. ब्रजकिशोर पुत्र खूबचंद
7. आकाश पुत्र भगवती प्रसाद
सभी घायल धौलपुर (राजस्थान) के सागरपुर पोस्ट जाटोली गांव के निवासी हैं। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन की तत्परता से घायलों को समय पर इलाज मिल पाया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहन को जब्त कर लिया गया है।

