मंत्री ने निष्पक्ष कार्यवाही का दिया आश्वासन
एटा/निधौली कला, 3 अगस्त:
थाना निधौली कला क्षेत्र के ग्राम चंद्रभानपुर में दो दिन पूर्व कथित पुलिस पिटाई से एक किशोर की मौत के बाद भड़के जनाक्रोश के तीसरे दिन शनिवार को एटा के प्रभारी मंत्री संदीप सिंह पीड़ित परिवार से मिलने उसके गांव पहुंचे।
मंत्री ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए कहा कि यह मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संज्ञान में है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि घटना की जांच जलेसर सीओ से कराई जा रही है और प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि “किसी भी निर्दोष को नहीं फंसाया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, मैं स्वयं इस मामले की निगरानी कर रहा हूं।”
इस दौरान मृतक किशोर की भाभी ने प्रभारी मंत्री से सवाल करते हुए कहा कि, “पुलिस लड़की को बरामद नहीं करना चाहती, जो इस पूरी घटना की जड़ है। उसके पिता ने गांव के 22 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है और पुलिस निर्दोषों को प्रताड़ित कर रही है। क्या सिर्फ गांव वालों पर कार्रवाई होगी? लड़की को बरामद कर उससे पूछा जाए कि वह किसके साथ गई।”
परिजनों ने मंत्री से थाने की सुबह से शाम तक की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की भी मांग की। पीड़ित परिवार के अधिवक्ता ने भी आरोप लगाया कि पुलिस मात्र आधे मिनट का वीडियो दिखा रही है हमें ही दोषी बनाने का प्रयास कर रही है , जबकि संपूर्ण वीडियो में असल घटनाक्रम स्पष्ट हो सकता है। उन्होंने मंत्री से कहा कि पुलिस परिजनों पर दबाव बनाकर बयान बदलवाने की कोशिश कर रही है।
मंत्री संदीप सिंह ने आश्वासन दिया कि “जांच में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होगा और पुलिस की भूमिका की भी गहनता से जांच कराई जाएगी। पीड़ितों को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है।”
इस घटना को लेकर गांव में अब भी तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। प्रशासन ने हालात पर नज़र बनाए रखी है और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

