*सलमान रज़ा (अखंड राष्ट्र)*
*मुंगराबादशाहपुर जौनपुर-* पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी मछलीशहर प्रतिमा वर्मा के पर्यवेक्षण में प्रतिबंधित चाइनीज/नायलॉन मांझा के अवैध व्यापार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुंगरा बादशाहपुर पुलिस ने शुक्रवार को महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मोहल्ला सिपाह एवं चूड़ी गली साहबगंज में दबिश दी, जहाँ से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांझा बरामद करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मो. राशिद पुत्र तेगअहमद (42 वर्ष), राजू मंसूरी पुत्र तेगअहमद (47 वर्ष), निवासी मोहल्ला सिपाह, तथा अक्षत गुप्ता पुत्र अनिल कुमार गुप्ता (24 वर्ष), निवासी चूड़ी गली साहबगंज, मुंगराबादशाहपुर शामिल हैं। प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव के अनुसार मौके पर समझाने के बावजूद अभियुक्तों ने उद्दंडता, अवज्ञा एवं उत्तेजना का प्रदर्शन करते हुए भीड़ में अराजक स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास किया। शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु तीनों अभियुक्तों को शुक्रवार को करीब एक बजे धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत विधि सम्मत गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कार्रवाई उपरांत सभी को माननीय उपजिलाधिकारी मछलीशहर के समक्ष प्रेषित किया जा रहा है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार यादव, हेड कॉन्स्टेबल राकेश यादव, कॉन्स्टेबल पंकज मिश्रा, कॉन्स्टेबल संदीप सम्मिलित रहे। थाना मुंगराबादशाहपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

