शाहगंज, जौनपुर। पूर्व माध्यमिक विद्यालय अशोकपुरकलां में शुक्रवार को बाल दिवस के अवसर पर भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में बच्चों ने स्टाल लगाकर देश और समाज से जुड़ी रोचक जानकारियां साझा कीं तथा लोगों को शिक्षित होने, नाबालिग बेटियों की शादी न करने और बेटे-बेटियों की शिक्षा में भेदभाव न करने के प्रति जागरूक किया। प्रतिभाशाली बेटियों ने रंगोली सजाकर प्रदर्शित किया कि किस प्रकार आज की बेटियां विश्व स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रही हैं।
मेले का शुभारंभ युवा समाजसेवी एवं मुख्य अतिथि प्रणय तिवारी ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद फीता काटकर उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि को सम्मान स्वरूप अंगवस्त्र तथा मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री रामचंद्र का चित्र भेंट किया गया।
श्री तिवारी ने कहा, “बाल दिवस हमें समान शिक्षा, प्यार और सुरक्षा का अधिकार सिखाता है। हर बच्चा अद्वितीय है। चाचा नेहरू की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं, जिनसे भारत का भविष्य उज्ज्वल होगा।”
विशिष्ट अतिथि एवं राज्यपाल शिक्षक पुरस्कार प्राप्त प्रधानाध्यापक सतीश सिंह ने अभिभावकों को आश्वासन दिया कि यह विद्यालय आगे चलकर जिले में प्रथम स्थान हासिल करेगा। उन्होंने कहा, “यहां के बच्चों में अद्भुत प्रतिभा है और वे हमेशा नवाचार के लिए प्रेरित रहते हैं।”
मेले में आए लोगों और अभिभावकों के लिए बच्चों ने विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार किए। कार्यक्रम में अध्यापक पारसनाथ यादव, सुधाकर सिंह, जीतेन्द्र कुमार, रमेश सिंह, अरविंद यादव, अजय मिश्र सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

