* जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संत पंकज महाराज के सानिध्य में निकला शाकाहार मद्यनिषेध जनजागरण यात्रा
नौपेड़वा(जौनपुर) बक्शा विकास खण्ड के छंगापुर गांव में बुधवार को आयोजित सत्संग सभा को सम्बोधित करते हुए जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज महाराज ने कहा मनुष्य की यह मानव शरीर बड़े भाग्य से प्राप्त हुई है ऐसे में इसका सद्पयोग करें तो बेहतर होगा। इसे हिन्दू महात्माओं ने हरि मन्दिर, मुसलमान फकीरों ने कुदरती काबा, ईसा मसीह ने इसे जिन्दा ईश्वर का घर बताया है। उन्होंने कहा कि पहले के युगों में प्रभु प्राप्ति की साधना बहुत कठिन थी। लेकिन कलियुग में उस सत्पुरुष ने जीवों पर दया करते हुए सन्तों को इस धरा पर भेजा। संतो ने ही प्रभु प्राप्ति की सरल साधना का मार्ग प्रशस्त किया जिसे गृहस्थ आश्रम में रहकर आसानी से किया जा सकता। पंकज महाराज ने कहा कि मनुष्य रूपी मंदिर में आध्यात्मिक खजाना भरा हुआ है जिसे समर्थ सतगुरु की प्राप्ति से पाया जा सकता है। उन्होंने कहा हमारे गुरु महाराज बाबा जयगुरुदेव जी ने अपने सन्देशों से दयाकर करोड़ों लोगों के हाथों से तीर तलवार, बन्दूक, गोले फेंकवा कर उनके हाथों में भगवान के भजन की माला पकड़ाते हुए भगवान के भजन में लगा दिया। हमारी संस्था उनके संदेशों को जनजन तक पहुंचाने में संलग्न है। हम चाहते हैं लोग शाकाहारी बनें, शराब व घातक नशों का त्याग करते हुए मां, बहन, बेटीयों की पहचान करें। इस दौरान ऋषिदेव श्रीवास्तव, अरुण कुमार वर्मा, डॉ. गणेश विश्वकर्मा, महेन्द्र कुमार बिन्द, विश्वनाथ यादव, कृपाशंकर अग्रहरि, राजदेव सरोज, गुड्डू सिंह प्रधान, शिव कुमार दुबे सहित संस्था के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

