मुंबई। बांग्लादेश में हिन्दू तथा अन्य अल्पसंख्यकों पर किए जा रहे अत्याचार तथा उनके धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं के विरोध में बौद्ध भिक्षुक संघ ने गेटवे ऑफ इंडिया पर बांग्लादेश के खिलाफ प्रदर्शन किया । विरोध प्रदर्शन में उपस्थित मुंबई के पूर्व उपमहापौर बाबूभाई भवानजी ने कहा कि बांग्लादेश को यह नहीं भूलना चाहिए कि भारत के चलते उसे आजादी का सुख मिला। अपने देश के नागरिकों की रक्षा करना वहां की सरकार का दायित्व है। वहां जिस तरह से गैर मुसलमानों पर अत्याचार किए जा रहे हैं, उनके पूजा स्थलों को तोड़ा जा रहा है, उससे साफ है कि सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि हर चीज की एक हद होती है। बांग्लादेश में गैर मुसलमानों पर हो रहा अत्याचार अब हद को पार कर रहा है। इसलिए भारत सरकार को वहां रहने वाले हिंदू समेत अन्य अल्पसंख्यक वर्ग किलोमीटर के लोगों की हिफाजत के लिए कड़े कदम उठाना चाहिए। भवानजी ने कहा कि जब हम पाकिस्तान को सुधार सकते हैं तो बांग्लादेश किस खेत की मूली है। उसे शायद मोदी की ताकत और निर्णय का अंदाजा नहीं है।

