औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने विभाग में अफसरों की ट्रांसफर पोस्टिंग में गड़बड़ी के संबंध में आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर द्वारा उप लोकायुक्त, उत्तर प्रदेश को गई शिकायत को पूरी तरह निराधार बताया है.
उप लोकायुक्त ने मंत्री नंद गोपाल गुप्ता से 10 जून तक जवाब मांगा था, जिस पर 10 जून के अपने जवाब में उन्होंने कहा कि अमिताभ ठाकुर द्वारा बिना किसी साक्ष्य के निराधार अनर्गल आरोप लगाए गए हैं, जबकि स्थानांतरण संबंधित कोई भी प्रस्ताव विभाग द्वारा सुविचारित रूप से प्रस्तुत किया जाता है और उसके बाद ही उनके द्वारा अनुमोदन प्रदान किया जाता है.
अमिताभ ठाकुर ने अपनी शिकायत में मंत्री के अनुमोदन के बाद 2023-24 में सतर्कता जांच सहित अन्य गंभीर आरोपों के आरोपी कई अफसरों को कथित मलाईदार पदों पर तैनात किए जाने की बात कही थी.
इसी प्रकार उन्होंने शासनादेश का उल्लंघन करते हुए कई अफसरों को उनकी वरिष्ठता से उच्च और महत्वपूर्ण पदों पर तैनात किए जाने की बात भी कही थी.
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि वे इस उत्तर से असहमत होते हुए इस संबंध में शीघ्र ही अपना पक्ष प्रस्तुत करेंगे.

