रक्षाबंधन के पावन अवसर पर ग्राम सभा मेदपुर बनकट, ब्लॉक मछली शहर, जिला जौनपुर की बहनें माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी जौनपुर से निवेदन करती हैं। गांव की आठ बस्तियों (पाल, कुम्हार, दलित, पंडित बस्ती) में लगभग 2000 की आबादी और 120 घर हैं। गांव में खड़ंजा बिछा है, लेकिन नालियों के अभाव में जलजमाव, कीचड़, गोबर और गंदगी फैली रहती है। बदबू के कारण बाहरी लोग भोजन-पानी तक नहीं लेते। इससे हमारा जीवन नारकीय बन गया है। गंदगी और जलजमाव से चलना मुश्किल हो रहा है, जिससे स्वास्थ्य जोखिम भी बढ़ रहा है।
हमारी मांग है कि गांव को शहरों की तर्ज पर विकसित किया जाए। प्रत्येक घर के सामने आरसीसी सड़क, ढलान वाली नालियां, केबल विद्युतीकरण और प्रत्येक बस्ती में ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की जाए। जज सिंह अन्ना द्वारा बहनों की स्थिति पूछने पर यह मांग सामने आई। हम आग्रह करते हैं कि इन सुविधाओं से हमारा जीवन सुखमय बनाया जाए।

