राजस्थान । बाड़मेर जिले के अरबा कल्याणपुर गांव की खुशबू राजपुरोहित की विमान हादसे में हुई मौत की खबर से पूरे क्षेत्र को सदमे में डाल दिया है। खुशबू, उक्त गांव के मदन सिंह राजपुरोहित की पुत्री थीं, जिसका विवाह इसी वर्ष जनवरी में जोधपुर जिले के लूणी क्षेत्र के खाराबेरा गांव निवासी मनफूल सिंह के साथ हुआ था। शादी के बाद पहली बार वह अकेले विदेश यात्रा के लिए निकली थीं। बुधवार सुबह पिता मदन सिंह और चचेरे भाई जन्हें अहमदाबाद एयरपोर्ट छोड़ने के लिए गांव से निकले। एयरपोर्ट पर बेटी को अलविदा कहकर दोनों भावुक मन से वापस लौट रहे थे। रास्ते में जैसे ही वे आधे सफर में पहुंचे, तभी एक फोन आया जिसने सब कुछ मातम में बदल दिया। फोन पर सूचना मिली कि अहमदाबाद से उड़ान भरते ही विमान क्रैश हो गया है। और उसी विमान में खुशबू भी सवार थीं।यह खबर सुनते ही परिवार के होश उड़ गए। घर की लाडली बेटी जिसकी डोली कुछ महीने पहले ही सजाई गई थी, जिसने ज़िंदगी को बस अभी जीना शुरू किया था, अब इस दुनिया में नहीं रही। खुशबू के निधन की खबर जैसे ही गांव पहुंची, अराबा और खाराबेरा दोनों गांवों में मातम पसर गया। हर किसी के आंखों में आंसू और दिल ग़मगीन है। लोग विश्वास नहीं कर पा रहे कि कल तक जो बेटी हंसती-खिलखिलाती थी, आज सिर्फ एक दर्दनाक याद बनकर रह गई है।

