जौनपुर । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कंपोजिट विद्यालय रन्नो बक्शा, जौनपुर में इको क्लब के मिशन लाइफ के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अगुवाई विद्यालय की प्रधानाध्यापिका एवं इको क्लब प्रभारी श्रीमती प्रीति श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर हरित शिक्षिका श्रीमती जाहिरा बेगम, शिक्षामित्र श्री अलमदार एवं श्रीमती हाजरा भी उपस्थित रहीं।
इको क्लब के पदेन सदस्य ईरम, अरमान, शमा, सनम, जोया और सैफ सहित अनेक छात्रों ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि उनकी माताओं के साथ मिलकर वृक्षारोपण में भाग लिया, जिससे इस अभियान को विशेष भावनात्मक जुड़ाव मिला।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित योगाभ्यास, कविता पाठ एवं रोल प्ले प्रस्तुत कर उपस्थित जनों को जागरूक किया। यह आयोजन न सिर्फ बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने का भी सशक्त माध्यम बना।

