– अजय प्रताप सिंह (अखंड राष्ट्र)
भोपाल। श्रावण मास के चौथे और अंतिम सोमवार को राजधानी भोपाल स्थित गुरुदेव ब्रह्मानंद सरस्वती आश्रम में महर्षि महेश योगी संस्थान के अधिष्ठाता वेद विद्या मार्तण्ड ब्रह्मचारी गिरीश जी के पावन सानिध्य में आज भगवान शिवशंकर की पूजा-अर्चना संपन्न हुई और 121 वैदिक पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तीन घंटे से अधिक समय तक महारुद्राभिषेक यज्ञ संपन्न हुआ। इस अवसर पर ब्रह्मचारी गिरीश जी ने कहा कि “भगवान शिव शांत चेतना के अवतार हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति इस स्तर की चेतना का अनुभव कर ले, तो धरती पर स्वर्ग स्थापित होने में देर नहीं लगेगी। सर्वत्र सुख-शांति स्थापित होगी और सभी सदैव आनंद का अनुभव करेंगे। उपनिषद की उक्ति है ‘शिवम् शांतम् अद्वैतम्’। शिव की यह तरंग भारत से प्रारंभ होकर विश्व शांति स्थापित करने में सक्षम है। हम भारतीयों को इसे व्यवहार में लाना होगा। सरकार के स्तर पर भी इसका प्रयास किया जाएगा।” इस रुद्राभिषेक का सीधा प्रसारण रामराज टीवी वेबसाइट, यूट्यूब और फेसबुक चैनलों पर भी किया गया, जिसे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने देखा। महर्षि उत्सव भवन में आयोजित महारुद्राभिषेक यज्ञ में महर्षि संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। महारुद्राभिषेक यज्ञ के पश्चात उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

