जौनपुर: विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर सखी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा सुतहट्टी चौराहा स्थित बैंकर्स प्लाज़ा पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान प्रतिभागियों को नि:शुल्क सैनिटरी नैपकिन का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. शैली निगम (स्त्री रोग विशेषज्ञ) ने माहवारी के दौरान स्वच्छता और संतुलित आहार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 28 मई को मनाया जाने वाला यह दिवस मासिक धर्म चक्र की औसत अवधि (28 दिन) को ध्यान में रखकर निर्धारित किया गया है।
संस्थाध्यक्ष श्रीमती प्रीति गुप्ता ने कहा कि मासिक धर्म महिलाओं के जीवन की एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है, जो मातृत्व के लिए आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से स्वच्छता और पोषण पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
सखी शीला राय ने फाउंडेशन द्वारा वर्ष भर किए गए मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर सखी टीम की सदस्यों — सरला महेश्वरी, अंजू जायसवाल, साधना साहू, शकुंतला बैंकर, मोनिका गुप्ता — ने सैनिटरी पैड का वितरण किया।
कार्यक्रम का संचालन पिंकी जायसवाल ने किया तथा सरिता निगम ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सिलाई प्रशिक्षण कार्यशाला की महिलाएं, किशोरियाँ और स्थानीय जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अंत में मुख्य अतिथि डॉ. शैली निगम को संस्था की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

