जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने सेंट पैट्रिक के पास सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। साथ ही वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल यूनिवर्सिटी के सामने फुट ओवरब्रिज के निर्माण का प्रस्ताव भी भेजा जाएगा।
सड़क सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिलाधिकारी ने डग्गामार वाहनों पर रोक और अवैध बस-टैक्सी स्टैंड को बंद करने के आदेश दिए। यातायात निरीक्षक ने बताया कि जिले में 23 ब्लैक स्पॉट की पहचान की गई है।
जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता को सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने वाहनों की नियमित चेकिंग का आश्वासन दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

