जौनपुर, 14 जुलाई 2025
भारतीय बैडमिंटन की दिग्गज खिलाड़ी और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल ने अपने पति और पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी पारुपल्ली कश्यप से अलग होने की घोषणा की है। साइना ने 13 जुलाई, 2025 को इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “जीवन हमें अलग-अलग दिशाओं में ले जाता है। बहुत सोच-विचार के बाद, कश्यप और मैंने अलग होने का फैसला किया है। हम शांति, विकास और एक-दूसरे के लिए बेहतर भविष्य की कामना करते हैं।” इस खबर ने खेल जगत और प्रशंसकों को स्तब्ध कर दिया।
साइना और कश्यप की मुलाकात हैदराबाद के पुल्लेला गोपीचंद अकादमी में हुई थी, जहां दोनों ने अपने करियर की शुरुआत की। 14 साल तक डेटिंग के बाद, दिसंबर 2018 में दोनों ने शादी की थी। साइना ने 2012 लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीता और विश्व रैंकिंग में नंबर 1 स्थान हासिल किया, जबकि कश्यप ने 2014 कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीता।
साइना ने पिछले साल गगन नारंग के पॉस्डकास्ट में गठिया की समस्या का जिक्र किया था, जिसके कारण उनकी खेल गतिविधियां सीमित हो गई थीं। उनकी आखिरी प्रतियोगिता जून 2023 में सिंगापुर ओपन थी। कश्यप ने खेल से संन्यास लेकर कोचिंग शुरू की और साइना को सपोर्ट किया।
इस अलगाव की घोषणा के बाद प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर आश्चर्य और दुख जताया। कश्यप ने अभी तक कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया, लेकिन उनकी हालिया इंस्टाग्राम स्टोरी में नीदरलैंड्स के एक म्यूजिक फेस्टिवल की तस्वीरें थीं। साइना ने गोपनीयता की अपील की है, और प्रशंसक उनकी नई शुरुआत की कामना कर रहे हैं।

