धनबाद।
सोनराडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत ओरियंटल माइंस के समीप काली मंदिर के पास आज सुबह सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 टन अवैध कोयला जप्त किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से कोयला चोरों में हड़कंप मच गया और पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया।
मौके पर सीआईएसएफ के जवानों के साथ सोनराडीह ओपी पुलिस और बीसीसीएल के अधिकारी मौजूद थे। जप्त किए गए कोयले को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बीसीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार अवैध खनन और कोयला चोरी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह संयुक्त कार्रवाई की गई। सीआईएसएफ की यह कार्रवाई अवैध कोयला कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

