– वेलिंग्डन सोसायटी और आरएनए सोसायटी के मुद्दों पर ध्यान किया आकर्षित
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उत्तर मुम्बई के पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात में उन्होंने मुंबई के ताड़देव स्थित 34 मंजिला वेलिंग्डन सोसाइटी के 17 से 34 मंजिल की ओसी न होने के मुद्दे और इसी कारण निवासियों के बेघर होने के डर जैसे गंभीर विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनकी पूर्ण मदद करने का निवेदन किया।
जनसेवक गोपाल शेट्टी ने मुख्यमंत्री फड़वणीस से आग्रह किया कि गणेशोत्सव का त्योहार सामने है, ऐसे समय में महानगरपालिका द्वारा इस इमारत में रह रहे निवासियों को उनके मकान से बेदखल न किया जाए, इसके लिए योग्य कदम उठाएं। उनके आग्रह पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बीएमसी आयुक्त भूषण गगराणी से तत्काल फ़ोन पर बात की और इस संबंध में पॉजिटिव दिशानिर्देश दे दिए, जो कि इस इमारत के लोगों के लिए राहत भरी खबर है।
इसके साथ ही गोरेगांव (पश्चिम) में राम मंदिर स्थित आर.एन.ए. ऐक्जोटिका परियोजना, जो पिछले पंद्रह वर्षों से रुकी हुई है, और जिसमें 300 से अधिक फ्लैट खरीदारों को अभी तक घर नहीं मिले हैं, इस बारे में भी जनसेवक शेट्टी ने मुख्यमंत्री का ध्यानाकर्षित किया। जनसेवक शेट्टी पिछले कई महीनों से इस गंभीर मुद्दे पर भी लगातार काम कर रहे हैं । इस इमारत के फ्लैट धारकों को जल्द से जल्द उनका मकान मिले, इसके लिए विचार-विमर्श और पूरी योजना उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष स्पष्ट की। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को यह भी बताया कि गोरेगांव-पश्चिम (राम मंदिर) में आरएनए एग्जॉटिका परियोजना के रुके हुए काम को शुरू करने के लिए भूमिपूजन समारोह गणेशोत्सव तक किया जाएगा और काम को तुरंत शुरू करवाया जाएगा।

