(सुल्तानपुर): गोसाईगंज थाना क्षेत्र के द्वारिका गंज चौकी अंतर्गत कटका गांव के निकट एक टेम्पो सड़क पर खड़े डम्फर से पीछे से टकरा गया, जिससे टेम्पो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद डम्फर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि डम्फर चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन को एचपी पेट्रोल टंकी के पास सड़क पर खड़ा किया था, जो आने-जाने वाले वाहनों के लिए बाधा बन रहा था। इस लापरवाही का परिणाम वही हुआ, जो हाल ही में लंभुवा में मां-बेटे के साथ हुई दुर्घटना में देखा गया था।
टेम्पो सड़क पर खड़े डम्फर में पीछे से जा घुसा, जिससे चालक को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने घायल को सहायता पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन डम्फर चालक तब तक वाहन लेकर गायब हो चुका था। खबर लिखे जाने तक (12:34 PM) घायल चालक की पहचान नहीं हो सकी थी, और वह अकबरपुर की ओर जा रहा था। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और फरार डम्फर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
यह घटना सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खतरे को उजागर करती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर ऐसी लापरवाही रोकने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, और घायल चालक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

