– सलमान रज़ा (अखंड राष्ट्र)
जौनपुर । प्रदेश सरकार द्वारा 5000 प्राथमिक विद्यालयों को बंद करके विलय करने और शराब की दुकान जगह-जगह खोलने के फैसले के ख़िलाफ़ समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के जिला महासचिव विवेक यादव के नेतृत्व में शनिवार को गजराजगंज तिराहे पर सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। विद्यालय बंद फैसले को वापस लेने और शराब का ठेका बंद करने की मांग की।
जिला महासचिव विवेक यादव ने कहा कि भाजपा सरकार आने वाली पीढ़ी से शिक्षा का अधिकार छीनना चाहती है। शिक्षा को महंगा करने और विद्यालयों को बंद करने की साज़िश की जा रही है।हर एक किलोमीटर पर शराब की दुकान और पांच किलोमीटर पर स्कूल मिलेंगे। प्रदेश में मधुशाला की संख्या बढ़ रही है। भाजपा करोड़ों छात्रों व नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।सपा शिक्षक सभा के जिला उपाध्यक्ष शैलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार विद्यालयों को बंद करके अनपढ़ समाज बनाना चाहती है। इस सरकार ने प्रदेश में क़रीब पांच हजार प्राइमरी स्कूलों को बंद करने का तुगलकी निर्णय लिया है।विरोध प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपना फैसला वापस नहीं लिया तो ज़िले व प्रदेश भर में बड़ा आंदोलन चला जाएगा।इस अवसर पर विवेक यादव पीपी गुप्ता, शैलेश यादव, अवनीश यादव, चेता साईं, निखिल, राधे, शुभम यादव, नवाज खान, मुलायम, सोनू यादव, चन्द्रजीत, संदीप यादव, अवधेश, सौरभ यादव, देवा,रिंकू दिवाकर, रंग बहादुर, धीरज व प्रदीप यादव आदि लोग मौजूद रहे।

