दिल्ली | स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली के लाल किले में सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक सामने आई है। एक मॉक ड्रिल के दौरान सिविल ड्रेस में आई स्पेशल स्टाफ की टीम डमी बम लेकर लाल किला परिसर में प्रवेश करने में सफल रही, लेकिन वहां तैनात पुलिसकर्मी इसे पहचानने में विफल रहे। इस लापरवाही ने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है।
इस घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए एक हेड कांस्टेबल सहित सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन ने लाल किले की सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा जांच करने का फैसला लिया है, ताकि 15 अगस्त को होने वाले राष्ट्रीय समारोह में किसी भी तरह की चूक से बचा जा सके। यह घटना दिल्ली पुलिस की तैयारियों पर सवाल उठाती है, खासकर तब जब स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर लाल किला सुरक्षा का केंद्रबिंदु होता है।

