गोंडा।मिट्टी खुदाई से बने गड्ढे में नहाने गए दो चचेरे भाइयों समेत तीन की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने शव को गड्ढे से बाहर निकाला है। स्वजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
डेहरास के आहेट गांव निवासी रामनरेश का दस वर्षीय पुत्र राज, उनके भाई दयाशंकर का दस वर्षीय पुत्र राजन व गांव की चंदन देवी का नौ वर्षीय पुत्र राजबाबू निगम व आकाश चारों रविवार की दोपहर में घर से 200 मीटर दूर स्थित मिट्टी खुदाई के बाद बने गड्ढे में नहाने गए थे।
नहाते समय डूब गए तीनों लोग
राज, राजन व राजबाबू तीनों नहाते समय डूब गए। आकाश ने भागकर घरवालों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने तीनों बच्चों को खोजना शुरू किया। पुलिस को भी सूचना दी गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों का शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि गांव के पास ही खाली पड़ी भूमि से कई लोगों ने निजी उपयोग में मिट्टी निकलवा ली थी, जिससे यहां गड्ढा हो गया। दो दिन पहले गड्ढे में नहर का पानी आ गया। बच्चों को सुरक्षित करने के लिए गड्ढे में बाड़ भी नहीं लगाया गया था। घटना से स्वजनों के साथ ही ग्रामीणों में आक्रोश है।
राज तीन भाइयों में सबसे छोटा था और गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच में पढ़ता था। राजन भी तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह भी राज के साथ ही कक्षा पांच में पढ़ता था। मृतक राजन के पिता दयाशंकर की करीब चार वर्ष पहले मौत बीमारी के कारण मौत हो चुकी है।राजबाबू चार भाइयों में सबसे छोटा था और ही गांव के ही प्राइमरी स्कूल में कक्षा चार में पढ़ता था। राजबाबू के पिता जिलेदार की भी पांच वर्ष पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। एक साथ तीन बच्चों की मौत से गांव में मातम है। हर कोई घटना को लेकर स्तब्ध है। मृतकों के स्वजनों को रो-रोकर हाल बेहाल है।

