सीवान: बिहार के सीवान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के टंडवा गांव में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। एक महिला, रिंकी देवी, अपनी पालतू मुर्गी की हत्या का आरोप लगाते हुए थाने पहुंची और अपने देवर गुड्डू, सनम, और शिला के खिलाफ FIR दर्ज कराई। रिंकी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मुर्गी से बेहद प्यार करती थी और उसे अपने साथ सुलाती थी। उनके अनुसार, चार दिन पहले उनकी मुर्गी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने उन्हें इतना आहत किया कि वे मरी हुई मुर्गी लेकर थाने पहुंचीं और न्याय की मांग की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिंकी ने बताया कि उनका देवर गुड्डू रोज दो अंडे खाता था, फिर भी उसने सनम और शिला के साथ मिलकर उनकी मुर्गी की हत्या कर दी। उनके लिए मुर्गी सिर्फ एक पालतू जानवर नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा थी। पुलिस ने बताया कि FIR में बीएनएस की धारा 325 सहित अन्य धाराएं जोड़ी गई हैं, जो पशु क्रूरता से संबंधित हैं। इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर पांच साल तक की सजा हो सकती है। यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

