खेतासराय कस्बे में गुरुवार को सातवीं मोहर्रम के मौके पर हज़रत अब्बास अलमदार की याद में अलम का जुलूस कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाला गया। शहीदी चौक से शुरू हुआ यह जुलूस कस्बे के विभिन्न रास्तों से होकर इमामबाड़ा तक पहुँचा। जुलूस में छोटे-बड़े बच्चे हाथ में अलम लेकर शामिल हुए।
अलम जुलूस में ताजियेदार तबल बजाते हुए आगे बढ़ते रहे। रास्ते में जगह-जगह अकीदतमंदों की ओर से शर्बत और तबर्रुक तकसीम किया गया। शाम करीब पाँच बजे जुलूस इमामबाड़ा पहुँचकर संपन्न हुआ। वहां ताजियेदारों ने फातिहा पढ़ा और दुआ मांगी।
करीब डेढ़ दर्जन ताजियेदारों का समूह जुलूस में शरीक रहा। फातिहा के बाद अलम वापस उसी रास्ते अपने-अपने चौकों पर ले जाए गए। इस दौरान कस्बे के सभी चौकदार, समाजसेवी और नगर के जिम्मेदार लोग मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र थाना प्रभारी रामाश्रय राय लगातार चक्रमण करते दिखे। कस्बे के मुख्य चौराहों पर पुलिस बल मुस्तैद रहा, जिससे यातायात में किसी तरह की कोई बाधा नहीं आई।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मोहर्रम का यह जुलूस हर साल अकीदत और अमन-चैन के साथ निकलता है। इस बार भी पूरे इलाके में गंगा-जमुनी तहज़ीब का माहौल देखने को मिला।

