फिटनेस, अनुशासन और व्यवस्था पर रहा जोर
जौनपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड की सलामी ली और व्यापक निरीक्षण किया। परेड में पुलिस लाइन का बल, विभिन्न शाखाओं में तैनात कर्मी तथा रिक्रूट आरक्षी शामिल रहे।
परेड के दौरान सभी पुलिसकर्मियों को शारीरिक व मानसिक रूप से फिट बनाए रखने हेतु दौड़ कराई गई। साथ ही, अनुशासन और एकरूपता की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्क्वायड ड्रिल एवं शस्त्राभ्यास भी करवाया गया।
निरीक्षण के दौरान एसपी डॉ. कौस्तुभ ने मेंस, कैंटीन, बैरक, पुलिस आवासीय परिसर तथा रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण केंद्र (JTC) की व्यवस्था का गहन अवलोकन किया।
बाद में, उन्होंने आदेश कक्ष पहुंचकर सभी गार्द रजिस्टरों की जांच की और क्वार्टर गार्ड की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए गार्ड कमांडर को आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारियों की उपस्थिति, आवास, भोजन व अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली और समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस दौरान एसपी ने कहा कि एक सशक्त व अनुशासित बल ही बेहतर कानून-व्यवस्था की नींव रखता है, और इसके लिए निरंतर प्रशिक्षण व निगरानी आवश्यक है।

